Monday 5 December 2011

पागल है कैप्टन, इसलिए बुरा नहीं मानते : सुखबीर

देतवाल (लुधियाना). कैप्टन पागल है। इसीलिए वह कुछ भी कहें हम बुरा नहीं मानते। पंजाब में हुए विकास को अनदेखा करके गाली गलौच की भाषा का उपयोग करने वाले को पागल नहीं तो और क्या कहें? इन तीखे शब्दों के साथ पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर पर शब्दबाण छोड़े उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने। अवसर था देतवाल में आयोजित शिरोमणि अकाली दल की रैली। सुखबीर बादल ने इस रैली को पंजाब विकास यात्रा का प्रथम पढ़ाव का नाम देते हुए ऐलान किया कि शिअद विधानसभा चुनाव विकास के नाम पर ही लड़ेगा।

उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि अकाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की आय 35 हजार करोड़ से बढ़कर 76 हजार करोड़ रुपए हो गई। छात्राओं को साइकिल देना, आटा दाल स्कीम, राइट टू सर्विस एक्ट, किसानों के बिजली के बिल माफ करना, शगुन स्कीम व पेंशन स्कीम सरकार की उपलब्धियां हैं। अगर भूलवश भी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार सत्ता में आती है तो वह इन सारी सहूलियतों को बंद कर देगी। पंजाब में पेट्रोल महंगा होने के मुद्दे पर सुखबीर ने कहा कि केंद्र की टैक्स प्रणाली के कारण राज्य में पेट्रोल अधिक महंगा है।

विस चुनाव में अन्ना हजारे व बाबा रामदेव

का साथ लेने बारे पूछने पर शिअद अध्यक्ष ने कहा कि शिअद हरेक का साथ लेने का तैयार है। इससे पूर्व यूथ अकाली दल अध्यक्ष बिक्रम सिंह मजीठिया ने चिरपरिचित शैली में कांग्रेसियों को ललकारा तो अकाली दल में विलय की गई लोकभलाई पार्टी के अध्यक्ष बलवंत सिंह रामूवालिया विलय को सही ठहराने का प्रयास ही करते दिखे।

पंजाब के विकास का गुणगान करते हुए सभी वक्ताओं के निशाने पर कैप्टन अमरिंदर सिंह ही रहे। यहां बता दें कि शनिवार को दाखा हल्के में ही अमरिंदर ने रैली के दौरान अकाली नेताओं को खूंडे (डंडे) से सीधा करने का बयान दिया था। आज की रैली में अकाली नेताओं पर अमरिंदर सिंह के बयान से पैदा हुई तलखी साफ दिखाई दी। आज की रैली में विधायक दर्शन सिंह शिवालिक, मनप्रीत सिंह अय्याली, जगदीश सिंह गरचा, गुरचरण सिंह ग्रेवाल, महेशइंद्र सिंह ग्रेवाल, पूर्व सांसद शरणजीत सिंह ढिल्लों आदि भी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment